धरती आबा की 125वीं पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा – उनका बलिदान देश को प्रेरणा देता रहेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि बिरसा मुंडा का त्याग, समर्पण और बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
प्रधानमंत्री ने बताया कि बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के अत्याचारों के खिलाफ आदिवासियों को एकजुट कर संघर्ष शुरू किया। वे कम उम्र में ही महानायक बन गए और आदिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनका यह आंदोलन ब्रिटिश शासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। बिरसा मुंडा का निधन वर्ष 1900 में केवल 25 वर्ष की उम्र में जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ। इसके बावजूद उनका संघर्ष और बलिदान आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उनके अनुयायी उन्हें भगवान मानते हैं, और वे “धरती आबा” के नाम से पूजे जाते हैं। हर साल 15 नवंबर को उनकी जयंती मनाई जाती है। मोदी सरकार ने वर्ष 2021 में इस दिन को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया, ताकि देश बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों के योगदान और उनके बलिदान को याद रख सके।

