वो इश्क जो बना जुर्म: पति को रास्ते से हटाकर प्रेमी के साथ जीने का सपना
मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी मर्डर केस के सस्पेंस से आखिरकार पर्दा उठ गया है। मेघालय पुलिस ने इस मामले में राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। पता चला है, कि सोनम का राज कुशवाहा नाम के व्यक्ति से अफेयर चल रहा था और फिर दोनों ने मिलकर राजा की सुपारी दे डाली।
राज कुशवाहा वही शख्स है जिसके प्यार में पड़कर सोनम रघुवंशी ने अपने पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया। जहां एक प्रेम कहानी ने खौफनाक मोड़ ले लिया। राज, उम्र में सोनम से पांच साल छोटा है और सोनम के परिवार की प्लाईवुड की दुकान में काम करता था। दुकान पर रोज आने-जाने के दौरान सोनम और राज एक दूसरे से मिलने लगें। समय के साथ यह प्यार गहरा होता गया और फिर वह दिन आया जब सोनम की उसके परिवार शादी करवा दी। जिसके बाद सोनम अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर पति राजा की मौत की साजिश रच डालती है।
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई जिसके बाद 20 मई को वे मेघालय घूमने पहुंचे और फिर 23 मई को नोंग्रियात से मावलाखियात लौटते समय सोनम ने अपने प्रेमी और भाड़े के तीन हत्यारों के साथ मिलकर राजा की हत्या करवा दी और खुद भी लापता हो गई। पुलिस को उनका स्कूटर रास्ते में लावारिस हालत में मिला। 2 जून को राजा का शव वेईसाउडॉन्ग वॉटरफॉल्स के पास गहरी खाई में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि राजा की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। जांच के दौरान एक स्थानीय गाइड की गवाही और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सामने आया कि सोनम ने तीन भाड़े के हत्यारों को पहले से बुलवाया था। मेघालय पुलिस ने सोनम समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी उत्तर प्रदेश से और दो मध्य प्रदेश से हैं। पुलिस ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी और एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

