स्कॉटलैंड में ग्वालियर के छात्र की संदिग्ध मौत: 17 दिनों से शव का इंतज़ार, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; CM से री-पोस्टमार्टम की गुहार
यूनिवर्सिटी ऑफ स्टर्लिंग में एमएससी फॉरेंसिक साइंस कर रहे 21 वर्षीय संस्कार श्रीवास्तव की मौत पर उठे सवाल; 27 मार्च को दिल्ली पहुँच सकता है पार्थिव शरीर।
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर का एक होनहार सितारा सात समंदर पार स्कॉटलैंड में संदिग्ध परिस्थितियों में बुझ गया। बहोड़ापुर निवासी 21 वर्षीय छात्र संस्कार श्रीवास्तव, जो स्कॉटलैंड की प्रतिष्ठित ‘यूनिवर्सिटी ऑफ स्टर्लिंग’ में एमएससी फॉरेंसिक साइंस की पढ़ाई कर रहे थे, की मौत ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 17 दिनों से परिजन अपने लाड़ले के शव का इंतजार कर रहे हैं और अब उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है।
होली की रात हुई थी आखिरी बात
परिजनों के अनुसार, संस्कार ने होली की रात परिवार से फोन पर सामान्य बात की थी। लेकिन 7 मार्च को अचानक उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। स्कॉटलैंड यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या करार दिया है, जिसे संस्कार के माता-पिता और रिश्तेदार सिरे से खारिज कर रहे हैं।
परिजनों का सवाल: होनहार छात्र क्यों करेगा आत्महत्या?
संस्कार के चाचा मोनू श्रीवास्तव ने बताया कि उनका भतीजा पढ़ाई में अव्वल था और वहां टॉप कर रहा था। वह पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम नौकरी कर हर महीने करीब एक लाख रुपये भी कमा रहा था। परिजनों का तर्क है कि जब करियर और आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत थी, तो वह आत्मघाती कदम क्यों उठाएगा? परिवार ने ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान और भारत सरकार से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
भारत में री-पोस्टमार्टम की मांग
न्याय की आस में परिजनों ने ग्वालियर एसपी को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें मांग की गई है कि जब संस्कार का शव भारत आए, तो उसका दोबारा पोस्टमार्टम (Re-Postmortem) कराया जाए। उन्हें शक है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। री-पोस्टमार्टम से ही मौत की असली वजह और समय का सटीक पता चल सकेगा।
कल दिल्ली पहुंच सकता है शव
सूत्रों के मुताबिक, कानूनी औपचारिकताओं के बाद संस्कार का पार्थिव शरीर 27 मार्च 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच सकता है। ग्वालियर प्रशासन और पुलिस भी इस मामले में निरंतर संपर्क बनाए हुए है। फिलहाल, पूरा ग्वालियर इस होनहार छात्र के लिए इंसाफ की मांग कर रहा है।

