Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर: राजश्री अपार्टमेंट के बेसमेंट में भीषण आग से मचा हड़कंप, 20 परिवारों की बची जान; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

Share

ग्वालियर: राजश्री अपार्टमेंट के बेसमेंट में भीषण आग से मचा हड़कंप, 20 परिवारों की बची जान; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

रिहायशी इलाके में अवैध केमिकल गोदाम ने बढ़ाई मुश्किलें, SDRF और एयरफोर्स की टीम ने 12 से अधिक दमकल की गाड़ियों की मदद से पाया काबू।

ग्वालियर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खुर्जेवाला मोहल्ला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चार मंजिला ‘राजश्री अपार्टमेंट’ के बेसमेंट में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और पुलिस की मुस्तैदी से बिल्डिंग में फंसे 20 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

केमिकल और थिनर ने बढ़ाई आग की तपिश

​शुरुआती जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट के बेसमेंट में मेडिकल उपकरण, दवाइयां और भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ जैसे पेंट, सैनिटाइजर और थिनर रखे हुए थे। रिहायशी इलाके की बिल्डिंग में इस तरह के खतरनाक केमिकल होने के कारण आग पर काबू पाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

सेना और SDRF ने संभाला मोर्चा

​घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम का दमकल दस्ता, SDRF और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पानी और फोम की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

कलेक्टर रुचिका चौहान के सख्त निर्देश

​इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान बेसमेंट के अवैध उपयोग, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और बिल्डिंग की छत पर लगे टावर जैसे बिंदुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में इस तरह के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण कानूनन अपराध है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Read more

Local News