ग्वालियर: पड़ोसियों की जिद ने ली 14 साल की मासूम की जान, केबल सुधारने के चक्कर में उखड़ा बिजली का खंभा
चेतावनी को अनसुना कर काटा बिजली का तार, दरवाजे पर खड़ी राजिया पर काल बनकर गिरा भारी-भरकम खंभा
ग्वालियर से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के पठान मोहल्ले में पड़ोसियों की लापरवाही और जिद के कारण एक 14 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घर के बाहर खड़ी मासूम राजिया पर अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुवार की है, जहाँ वसीम खान के पड़ोस में रहने वाले विशाल खान, ऋतिक खान और सुहाना बेगम अपने घर की ढीली बिजली केबल को ठीक करने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विशाल सीढ़ी लगाकर खंभे पर चढ़ा था, जबकि अन्य लोग नीचे से सहारा दे रहे थे।
मना करने पर दी गालियां, फिर काट दिया तार
मृतिका के चाचा वसीम खान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पड़ोसियों को खंभे पर काम करने से मना किया था। वसीम ने उन्हें आगाह किया था कि खंभा कमजोर है और तार काटने से वह गिर सकता है। आरोप है कि चेतावनी सुनने के बजाय पड़ोसियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन तार काट दिया। तार कटते ही खिंचाव खत्म हुआ और भारी-भरकम खंभा सीधे दरवाजे पर खड़ी 14 साल की राजिया खान पर जा गिरा।
अस्पताल पहुँचने से पहले थमी सांसें
खंभा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में राजिया को लेकर निजी अस्पताल भागे, लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार सदमे में है और मोहल्ले में तनाव का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एएसपी ग्वालियर विदिता डागर ने बताया कि फरियादी वसीम खान की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस लापरवाही बरतने वाले आरोपियों के खिलाफ जांच कर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

