नो-एंट्री में नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह, नारायण विहार कॉलोनी में ट्रक चालक की लापरवाही
क्या था पूरा मामला ?
ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां घर के बाहर खेल रहे 5 साल के बच्चे को ट्रक ने कुचल दिया। चालक की लापरवाही से बच्चे के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए है। दरअसल, नारायण विहार कॉलोनी में रहने वाले बंटी रावत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी से अलगाव हो चुका है और उनका 5 साल का बेटा आशिक ही उनकी एकमात्र जिंदगी का अकेला सहारा है। घटना के दिन शाम करीब 5 बजे मासूम घर के बाहर खेल रहा था। तभी गल्ला मंडी की ओर जा रहा एक भारी ट्रक नो-एंट्री के बावजूद रिहायशी इलाके की संकरी सड़क में घुस आया। लापरवाही से वाहन निकालते समय बच्चा ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। लोगों ने शोर मचाया लेकिन चालक ने रुकने के बजाय ट्रक को पीछे कर दिया जिससे बच्चे का दूसरा पैर भी कुचल गया।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक को घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल बच्चे को तुरंत जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि ऐसा ही एक हादसा 19 दिसंबर को बहोड़ापुर की अर्नव कॉलोनी में भी हुआ था, जहां एक डंपर पलटने से 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई थी।पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

