शादी का झांसा देकर कोरियर कंपनी संचालक ने युवती से किया दुष्कर्म, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
क्या था पूरा मामला?
ग्वालियर में एक महिला कर्मचारी को प्यार के जाल में फंसाकर और शादी का झूठा वादा कर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी एक कोरियर कंपनी का संचालक है, जो पहले से शादीशुदा था। पीड़िता की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ग्वालियर के लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता साईं बाबा रोड स्थित एक कोरियर सर्विस कंपनी में काम करती थी। कंपनी का संचालक रवि उर्फ रोहित सिंह तोमर बताया जा रहा है। पीड़िता के मुताबिक साल 2023 में काम के दौरान आरोपी से उसकी दोस्ती हुई। इसके बाद आरोपी ने उससे प्रेम का इजहार किया और शादी का वादा किया।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जुलाई 2023 में आरोपी ने उसे विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित मोज़ेक होटल में मिलने के लिए बुलाया। जहां आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
लेकिन, जब एक साल से भी ज्यादा का समय बीत जाने के बाद पीड़िता ने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह टालमटोल करने लगा। शक होने पर पीड़िता ने आरोपी की जानकारी जुटाई, तब खुलासा हुआ कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।
सच्चाई सामने आने पर पीड़िता आरोपी के घर पहुंची, जहां आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने विश्वविद्यालय थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है, वहीं आरोपी की तलाश भी जारी है।

