ग्वालियर में सो रही बहू से दुष्कर्म का प्रयास; मुंह बोला जेठ घर में घुसकर करने लगा छेड़छाड़, शोर मचाते ही भाग गया
ग्वालियर शहर के गोला मंदिर थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ बगिया वाली गली में एक मुंह बोले जेठ पर आरोप लगा है कि वह देर रात सो रही अपनी बहू के कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बहू के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
देर रात की घटना
घटना दो दिन पहले रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:45 बजे की है। गोला का मंदिर निवासी 19 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह रात करीब 2:30 बजे अपने कमरे में सो रही थी।
तभी पड़ोस में रहने वाला और रिश्ते में लगने वाला उसका जेठ बंटी जाटव चुपचाप उसके कमरे में घुस आया। आरोपी ने पीड़िता के कपड़े उतारकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
पीड़िता ने दिखाई हिम्मत
आरोपी की हरकत से पीड़िता की नींद खुल गई। उसने कमरे में जेठ को देखते ही शोर मचाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। बहू के शोर मचाते ही आरोपी बंटी जाटव मौके से भाग निकला। पीड़िता के चिल्लाने की आवाज़ सुनकर घर के अन्य लोग भी वहाँ आ गए, जिन्हें पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी।
मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर गोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत दर्ज की।

गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी जेठ बंटी जाटव के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी बंटी जाटव अपना घर छोड़कर फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

