रोड रेज: ग्वालियर में मामूली टक्कर के बाद ऑटो चालक को बोलेरो सवार ने मारी गोली
ग्वालियर शहर में रोड रेज (सड़क पर गुस्सा) की एक गंभीर घटना सामने आई है। सोमवार की रात नंगा नाला इलाके में एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद बोलेरो सवार बदमाशों ने एक ऑटो चालक को गोली मार दी। गोली ऑटो चालक के पैर में लगी है, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना और विवाद
घटना सोमवार रात पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के नंगा नाला के पास हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बहोड़ापुर हरिहर नगर निवासी ऑटो चालक रघुनंदन शर्मा आगे जा रहे थे, तभी उन्होंने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रही एक बोलेरो गाड़ी उनके ऑटो से टकरा गई।
इसी मामूली टक्कर को लेकर बोलेरो सवार युवकों और ऑटो चालक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई।
बोलेरो सवार हमलावरों ने चलाई गोली
बहस और मारपीट के दौरान बोलेरो में सवार एक युवक ने अचानक ऑटो चालक रघुनंदन शर्मा पर गोली चला दी। जो गोली रघुनंदन के पैर में लगी। गोली मारने के बाद हमलावर बोलेरो सवार युवक, घायल ऑटो चालक को मौके पर छोड़कर तुरंत भाग निकले।
सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, “विवाद अचानक ब्रेक लगाने से हुई टक्कर के बाद हुआ है, जिसमें बोलेरो सवार ने ऑटो चालक को गोली मारी है जो उसके पैर में लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
घायल अस्पताल में भर्ती, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल रघुनंदन को पहले हजीरा सिविल अस्पताल ले जाया गया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें बाद में जेएएच के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने घायल ऑटो चालक की शिकायत पर अज्ञात बोलेरो सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने बोलेरो सवारों को पकड़ने के लिए मुरैना बॉर्डर तक सर्चिंग की, लेकिन वे हाईवे के अलावा अन्य रास्तों से भागने में सफल रहे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

